फोटो भेजकर रिश्ता तुड़वाने की कर रहा था कोशिश, दौसा से पकड़ा आरोपी
भिवाड़ी में सोशल मीडिया पर युवती की फोटो का दुरुपयोग कर ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर अश्लील मैसेज भेजने और बदनामी की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अनिल उर्फ गोलू निवासी दौसा जिला के रूप में हुई है।
फर्जी आईडी बनाकर होने वाले पति को भेजे अश्लील मैसेज
पीड़िता ने 3 जनवरी को भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ फोटो अपलोड की थीं। इन फोटोज का दुरुपयोग करते हुए किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम और फोटो से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बना ली।
आरोपी ने इस फर्जी आईडी से युवती के होने वाले पति और देवर को अश्लील मैसेज भेजने शुरू कर दिए। साथ ही बदनामी फैलाकर रिश्ता तोड़ने की कोशिश की जा रही थी और लगातार धमकियां दी जा रही थीं।
फोटो डिलीट करने के बाद भी जारी रहा ब्लैकमेल
युवती ने बताया कि परेशानी से बचने के लिए उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से सभी फोटो डिलीट कर दीं, लेकिन इसके बावजूद आरोपी पुरानी फोटोज का इस्तेमाल कर ब्लैकमेल करता रहा। इससे उसकी मान-प्रतिष्ठा और सामाजिक गरिमा को गंभीर ठेस पहुंच रही थी।
टपूकड़ा थाने में दर्ज हुआ मामला
शिकायत के आधार पर थाना टपूकड़ा में मामला दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
साइबर सेल की मदद से दौसा से गिरफ्तारी
भिवाड़ी एसपी प्रशान्त किरण (IPS) के निर्देश पर थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
साइबर सेल भिवाड़ी की तकनीकी सहायता से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी को ट्रेस किया गया। मोबाइल नंबर और लोकेशन के आधार पर आरोपी को दौसा जिले के लालपुर थाना क्षेत्र (महुवा) से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस की चेतावनी
पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर फोटो का दुरुपयोग कर ब्लैकमेल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल सतर्कता से करें और किसी भी प्रकार की साइबर ब्लैकमेलिंग की स्थिति में तुरंत पुलिस या साइबर सेल से संपर्क करें।
Leave a Comment